Himachal National

लंदन: सुखविंदर सिंह सुक्खू बने हाउस ऑफ लॉर्डस में बोलने वाले देश के पहले CM

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लंदन के हाउस ऑफ लॉर्डस में देश के पहले मुख्यमंत्री के रूप में भाषण देकर नया इतिहास रचा। इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम के शिखर सम्मेलन में उन्होंने हिमाचल प्रदेश में निवेश के आकर्षक अवसरों को लेकर वैश्विक निवेशकों को आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा, पर्यटन, बागवानी, सूचना प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास कर रहा है और यह निवेश के लिए एक उपयुक्त गंतव्य है।

उन्होंने राज्य की शत-प्रतिशत साक्षरता दर और मजबूत निवेश नीतियों पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल हर मौसम में पर्यटकों के लिए पसंदीदा जगह है और अब यह वैश्विक व्यापार के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य जलविद्युत और नवीकरणीय ऊर्जा में देश में अग्रणी है और यूरोपीय विशेषज्ञता के साथ मिलकर यह क्षेत्र और मजबूत होगा।

सुक्खू ने हिमाचल के सेब को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य अब फूलों, सब्जियों और जैविक उत्पादों में भी विस्तार कर रहा है। उन्होंने यूरोपीय निवेशकों से स्वास्थ्य और सतत जीवनशैली के क्षेत्र में निवेश करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्हें इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम द्वारा लीडरशीप एंड गवर्नेंस अवार्ड से सम्मानित भी किया गया।