लोकसभा का बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू हो रहा है और पहले दिन ही हंगामे की संभावना है। विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर Om Birla को पद से हटाने का प्रस्ताव पेश किया है, जिस पर सोमवार को चर्चा हो सकती है। लोकसभा सचिवालय की कार्यसूची के अनुसार 9 मार्च को प्रश्नकाल के अलावा मुख्य रूप से इस प्रस्ताव पर चर्चा ही होगी। कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपने सांसदों को सदन में मौजूद रहने के लिए तीन-लाइन व्हिप जारी किया है।
विपक्ष ने आरोप लगाया है कि स्पीकर ने सदन की कार्यवाही में पक्षपात किया और विपक्ष को बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया। इस प्रस्ताव पर कुल 118 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं, हालांकि तृणमूल कांग्रेस के 29 सांसदों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया।
नियमों के अनुसार स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव लोकसभा में साधारण बहुमत से पारित होता है, लेकिन एनडीए के पास वर्तमान में करीब 290 सांसदों का समर्थन होने के कारण प्रस्ताव को पास कराना चुनौतीपूर्ण है। चर्चा के दौरान स्पीकर स्वयं अध्यक्षता नहीं करेंगे, लेकिन उन्हें अपना पक्ष रखने और मतदान का अधिकार रहेगा।
कार्यसूची के मुताबिक कांग्रेस के सांसद मो जावेद, के. सुरेश और मल्लू रवि इस प्रस्ताव को सदन में पेश करेंगे। प्रस्ताव में आरोप है कि स्पीकर विवादित मामलों में सत्तापक्ष का पक्ष लेते हैं, विपक्ष के अधिकारों की रक्षा नहीं करते और गैर-पक्षपाती रवैया नहीं अपनाते, जिससे सदन के सुचारु संचालन पर खतरा उत्पन्न होता है।









