संसद के हंगामेदार सत्र में गुरुवार को लोकसभा ने विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) विधेयक, 2025 पारित कर दिया। विपक्षी सांसदों ने इसका विरोध करते हुए सरकार पर महात्मा गांधी का अपमान और मनरेगा के प्रावधानों को कमजोर करने का आरोप लगाया। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महात्मा गांधी का नाम 2009 के चुनावों के दृष्टिगत एनआरईजीए में जोड़ा गया था।
चौहान ने कहा कि विरोध में केवल शोर मचाना और जवाब न सुनना भी हिंसा है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह मनरेगा का केवल राजनीतिक लाभ उठाने के लिए नामों का प्रयोग करती रही है। उन्होंने प्रियंका गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि कई योजनाओं के नाम नेहरू परिवार की महिमा बढ़ाने के लिए रखे गए थे।
चौहान ने विधेयक का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करेगा कि मनरेगा के पैसे का सही उपयोग हो, लूट बंद हो और पारदर्शिता बनी रहे। नई योजना के तहत विकसित भारत के लिए विकसित गांव बनाना प्राथमिक लक्ष्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मोदी सरकार के विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रम, जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और आयुष्मान भारत, महात्मा गांधी के आदर्शों को संजोने का काम कर रहे हैं।









