Maharashtra Politics

महाराष्ट्र में 3 साल बाद स्थानीय निकाय चुनावों का ऐलान, 15 जनवरी को होगा मतदान

महाराष्ट्र में साल 2022 से लंबित पड़े स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर आखिरकार राज्य चुनाव आयोग ने बड़ा ऐलान कर दिया है। राज्य में 15 जनवरी को नगर निकाय चुनाव कराए जाएंगे, जबकि मतगणना 16 जनवरी को होगी। इन चुनावों के जरिए 29 नगर निगमों, 32 जिला परिषदों और 336 पंचायत समितियों के लिए जनप्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा।

चुनाव आयोग ने मतदान के लिए कुल 10,111 मतदान केंद्र बनाए हैं। चुनाव में 1 जुलाई 2025 को प्रकाशित संशोधित मतदाता सूची का उपयोग किया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया 23 दिसंबर से शुरू होकर 30 दिसंबर तक चलेगी, जबकि नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 2 जनवरी 2026 तय की गई है। उम्मीदवारों को 3 जनवरी तक चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी नामांकन फॉर्म ऑफलाइन ही जमा किए जाएंगे।

राजनीतिक दृष्टि से इन चुनावों को बेहद अहम माना जा रहा है, खासतौर पर मुंबई महानगरपालिका (BMC), पुणे और ठाणे जैसे बड़े शहरों के नतीजे राज्य की राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं। इस बार करीब 3 करोड़ 48 लाख नए मतदाताओं के जुड़ने की उम्मीद है। गौरतलब है कि BMC का कार्यकाल मार्च 2022 में समाप्त होने के बाद से प्रशासन नगर आयुक्त के अधीन है। अब तीन साल बाद जनता को फिर से अपनी राय रखने का मौका मिलेगा।