CBI ने रक्षा मंत्रालय के सीनियर अधिकारी, लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके घर से 2.23 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। दीपक शर्मा रक्षा मंत्रालय में डिप्टी प्लानिंग ऑफिसर (इंटरनेशनल कोऑपरेशन एंड एक्सपोर्ट्स) के पद पर तैनात हैं। उनके साथ विनोद कुमार नामक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं, उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली के घर से 10 लाख रुपये जब्त किए गए।
उनकी पत्नी राजस्थान के श्री गंगानगर में 16वीं इन्फैंट्री डिवीजन ऑर्डनेंस यूनिट (DOU) की कमांडिंग ऑफिसर हैं और उनका नाम भी इस मामले में आया है. हालांकि उनकी अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। CBI के मुताबिक, शर्मा ने डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट से जुड़ी कंपनियों से कथित रूप से लाभ दिलाने के लिए रिश्वत ली। उन्हें बेंगलुरु की एक कंपनी से 3 लाख रुपये की रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। इस मामले में शर्मा की पत्नी और अन्य लोगों के खिलाफ आपराधिक साजिश और रिश्वतखोरी का मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।









