Crime National

लॉरेंस बिश्नोई गैंग की लेडी डॉन नेहा खुशनुमा अंसारी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी लेडी डॉन खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को गिरफ्तार किया है। नेहा, गैंग के गनमैन बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड है, जो हथियारों की सप्लाई में शामिल रहा है। बॉबी कबूतर एशिया के बड़े हथियार सप्लायर सलीम पिस्टल से हथियार लेता था, जिसे पहले नेपाल-भारत बॉर्डर से गिरफ्तार किया जा चुका है। इस गैंग ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड, दिशा पाटनी के घर फायरिंग, नादिर शाह हत्याकांड और सीलमपुर डबल मर्डर जैसी कई गंभीर वारदातों में हथियार सप्लाई किए।

नेहा नार्थ ईस्ट दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी, जो गैंग के अवैध कामों के लिए आड़ का काम करता था। उसे ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया, वहीं बॉबी कबूतर के दो गुर्गे मोहम्मद राजी खान और शाहबाज भी पकड़े गए। सभी गिरफ्तारी महिपालपुर फ्लाईओवर के पास हुई। पुलिस ने बताया कि बॉबी कबूतर ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी की थी और हमलावरों तक मूवमेंट व रूट की जानकारी पहुंचाई थी।

स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने लंबे समय से बॉबी की तलाश की। टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर उसे दबोचा गया। अब पुलिस ने बॉबी की गर्लफ्रेंड नेहा से गैंग के अन्य राज और ड्रग्स कनेक्शन पर पूछताछ शुरू कर दी है। पिछले साल की गिरफ्तारियों के बाद, गैंग में लेडी डॉन की भूमिका और सक्रिय नजर आ रही है।