उत्तरी भारत के सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में गेट नंबर 5 से मंदिर की ओर से जाने वाले रास्ते में अचानक काफी बड़ी चट्टान पहाड़ी से रास्ते पर गिर गई, जिससे मंदिर को जाने वाला रास्ता बिल्कुल बंद हो गया. यह चट्टान बकरा स्थल के नजदीक आ कर रास्ते में गिरी. गौरतलब है कि सबसे पहले एक छोटा सा पत्थर पहाड़ी से नीचे गिरा था, जिसको देखते ही वहां ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी अलर्ट हो गया और रास्ता बिल्कुल खाली करवा दिया.
बता दें कि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय 5 -7 श्रद्धालु एक प्रसाद की दुकान से मंदिर को चढ़ाने के लिए प्रसाद खरीद रहे थे. इसके तुरंत बाद काफी बड़ा पत्थर पहाड़ी से नीचे रास्ते की ओर गिरा. इससे किसी श्रद्धालु और दुकानदार पर कोई जान का खतरा नहीं हुआ और न ही दुकानदार का कोई नुकसान हुआ है. परंतु मंदिर की ओर से लगाई गई जाली वह टीन की शेड टूट गई है जिससे प्रशासन को नुकसान हुआ हैं.
वहीं, मंदिर न्यास अध्यक्ष राजेंद्र गौतम का कहना है कि जैसे ही उन्हें इस घटना का पता चला तो उन्होंने तुरंत मंदिर अधिकारी को घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए एवं निरीक्षण करने को कहा तत्पश्चात उन्हें जल्द से जल्द रास्ते को खोलने को भी कहा किया ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार कि दिकतों का सामना न करना पड़े.









