Haryana

हरियाणा: अनुसूचित जाति के परिवारों को मिलेगा जमीन का मालिकाना हक, जानें शर्त

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र के उमरी गांव में आयोजित संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के राज्य स्तरीय समारोह में कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं।  मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ही स्थान पर 20 वर्षों से रहने वाले अनुसूचित जाति के लोगों को पॉलिसी बनाकर मालिकाना हक दिया जाएगा। साथ ही एससी कम्पोनेंट प्लान की राशि केवल एससी समाज के लिए खर्च करने का प्रावधान लागू किया जाएगा। औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए एचएसआईआईडीसी में छूट की पॉलिसी भी बनाई जाएगी।

साथ ही उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र के उमरी में पांच एकड़ भूमि पर 124 करोड़ रुपये से गुरु रविदास धाम का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के पहले चरण के लिए 90 करोड़ रुपये की निविदा जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने संत रविदास के व्यक्तित्व और शिक्षाओं की तारीफ करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज सुधार और भक्ति आंदोलन का मार्गदर्शन करता है। इस अवसर पर कई मंत्री, विधायक और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें कृष्ण बेदी, श्याम सिंह राणा, कृष्ण पंवार, रामकुमार कश्यप, भगवान दास कबीरपंथी और अन्य शामिल थे।