दिल्ली की एक विशेष अदालत ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अहम फैसला सुनाया है. कोर्ट ने निर्देश दिया है कि ‘लैंड फॉर जॉब’ स्कैम की सुनवाई अब 13 अक्टूबर से रोजाना की जाएगी, जिससे मामले की प्रक्रिया तेज़ हो सके. यह केस उस कथित घोटाले से जुड़ा है, जिसमें लालू यादव पर आरोप है कि उन्होंने रेलवे में नौकरी के बदले ज़मीन ली थी. इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चार्जशीट दाखिल की थी और अब एक सप्लीमेंट्री चार्जशीट भी पेश की गई है.
अदालत ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सभी आरोपियों को केस से जुड़े दस्तावेज़ों की स्पष्ट और पढ़ने योग्य प्रतियां मिलें. इसके लिए ED, जांच अधिकारी और बचाव पक्ष के वकील आपस में समन्वय करेंगे और कोर्ट रिकॉर्ड की जांच करेंगे. इस केस में लालू यादव के साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी और तेज प्रताप यादव, बेटियां मीसा भारती और हेमा यादव भी आरोपी हैं. कोर्ट का ये आदेश 20 सितंबर को जारी हुआ था. अब इस हाई-प्रोफाइल केस में कानूनी कार्यवाही ने रफ्तार पकड़ ली है.









