Himachal Shimla

जानिए कौन हैं विनय कुमार, हिमाचल कांग्रेस के नए अध्यक्ष

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार बनाए गए हैं। पार्टी हाईकमान ने लंबे मंथन के बाद अनुसूचित जाति से संबंधित विनय कुमार के नाम को मंजूरी दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को उनके प्रदेशाध्यक्ष बनने के आदेश जारी किए। इससे पहले विनय कुमार ने विधानसभा उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। वे शिमला संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत सिरमौर जिले की आरक्षित विधानसभा सीट रेणुका से विधायक हैं।

पार्टी संगठन लंबे समय से बिना स्थायी अध्यक्ष के चला रहा था। आगामी पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया। विनय कुमार ने पद संभालने पर हाईकमान का आभार जताया और संगठन को मजबूत करने को अपनी प्राथमिकता बताया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी उनके पक्ष में पैरवी की।

विनय कुमार कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के करीबी माने जाते हैं और उनके पिता स्व. डॉ. प्रेम सिंह भी रेणुका विधानसभा क्षेत्र के छह बार विधायक रह चुके थे। प्रदेश अध्यक्ष बनने के साथ ही कांग्रेस ने 20 साल बाद फिर अनुसूचित जाति के नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी है, जिससे जातीय और क्षेत्रीय संतुलन भी सुनिश्चित होगा।