World

किंग चार्ल्स ने प्रिंस एंड्रयू से छीने शाही खिताब, बेटियां अब भी रहेंगी प्रिंसेज

ब्रिटेन के शाही परिवार में बड़ी खबर है. किंग चार्ल्स ने अपने छोटे भाई प्रिंस एंड्रयू से उनका शाही खिताब और सभी उपाधियां छीन ली हैं. साथ ही उन्हें विंडसर के रॉयल लॉज से बाहर जाने का आदेश दिया गया है. हालांकि राहत की बात यह है कि उनकी दोनों बेटियां, प्रिंसेज बीएट्रिस और प्रिंसेज यूजीन, अपने शाही खिताब और “Her Royal Highness” (HRH) का दर्जा बनाए रखेंगी.

प्रिंसेज बीएट्रिस का जन्म 1988 में हुआ था. उन्होंने 2020 में रियल एस्टेट कारोबारी एदोआर्डो मापेली मोत्सी से शादी की. उनकी दो बेटियां हैं – सिएना एलिजाबेथ (ब्रिटिश सिंहासन की 10वीं वारिस) और एथेना एलिजाबेथ रोज (11वीं वारिस). प्रिंसेज यूजीन का जन्म 1990 में हुआ. उन्होंने 2018 में जैक ब्रूक्सबैंक से शादी की. उनके दो बेटे हैं – ऑगस्ट (12वीं वारिस) और अर्नेस्ट (14वीं वारिस).

प्रिंस एंड्रयू का खिताब छीने जाने का कारण उनके ऊपर लगे अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन से कथित संबंध और वर्जिनिया गिफ्रे द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोप हैं. जांच और विवादों के बीच बकिंघम पैलेस ने बताया कि अब उन्हें शाही खिताब नहीं मिलेगा और वे अब “एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर” के नाम से जाने जाएंगे. इससे पहले इस महीने ही उन्होंने ड्यूक ऑफ यॉर्क समेत अन्य खिताब स्वयं छोड़ दिए थे. इस कदम से शाही परिवार के विवादों और बदलावों में एक नया अध्याय जुड़ गया है.