Sports

खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026: उद्रेका सिंह बनीं भारत की सबसे तेज महिला आइस स्केटर, स्वर्ण पदक जीत रचा इतिहास

मध्य प्रदेश की बेटी उद्रेका सिंह ने खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए भारत को उसकी सबसे तेज महिला आइस स्केटर दे दी है। लेह-लद्दाख में 20 से 26 जनवरी के बीच आयोजित खेलों में उद्रेका ने वूमेन लॉन्ग ट्रैक 500 मीटर स्पर्धा में 53.94 सेकंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। माइनस तापमान और चुनौतीपूर्ण ट्रैक के बीच उद्रेका ने बेहतरीन संतुलन और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए देश की कई अनुभवी स्केटर्स को पीछे छोड़ा।

छोटे शहर मैहर (सतना) से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर यह उपलब्धि हासिल करना उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है। इस जीत से पूरे मध्य प्रदेश में खुशी की लहर है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने उद्रेका को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता प्रदेश के युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं और खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत कर रही है।