खासा स्थित आर्मी और बीएसएफ कैंप के बाहर हुए धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। वायरल हो रहे एक वीडियो में हमले की झलक सामने आई है, जिसे पुलिस गंभीरता से जांच रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हमले में आईईडी का इस्तेमाल किया गया। मामले में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने कथित रूप से जिम्मेदारी ली है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं और सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। सोहेल मीर कासिम ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। साथ ही, उनके भागने के संभावित रास्तों का भी विश्लेषण किया जा रहा है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दो संदिग्ध बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने विस्फोटक सामग्री को कैंप की ओर फेंका, जिससे जोरदार धमाका हुआ। इस घटना में कैंप की दीवार को नुकसान पहुंचा और आसपास लगी लोहे की चादरें गिर गईं।
गौरतलब है कि उसी रात जालंधर और अमृतसर में तीन घंटे के भीतर दो अलग-अलग धमाके हुए। जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के बाहर एक स्कूटी में विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज काफी दूर तक सुनी गई। वहीं, अमृतसर के खासा इलाके में सीमा के पास दूसरा धमाका हुआ। हालांकि इन घटनाओं में कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है। पुलिस ने स्कूटी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।


