बॉलीवुड के चर्चित कपल कटरीना कैफ और विकी कौशल ने आखिरकार अपने बेटे का नाम फैंस के साथ साझा कर दिया है। दोनों ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने बेटे का नाम “विहान कौशल” बताया। कपल दो महीने पहले ही माता-पिता बने थे। 7 नवंबर 2025 को कटरीना ने बेटे को जन्म दिया था, लेकिन उस समय उन्होंने उसका नाम नहीं बताया। अब, अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दोनों ने बेटे का नाम उजागर किया और उसके साथ अपनी खुशी व्यक्त की।
“विहान” संस्कृत भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ होता है “सुबह”, “सूर्योदय” या “नई शुरुआत”। पोस्ट में कटरीना और विकी ने बेटे का हाथ पकड़े हुए अपनी तस्वीर साझा की और लिखा, “हमारे लिए प्रकाश की किरण, विहान कौशल। प्रार्थनाएं सुनी जाती हैं, जिंदगी खूबसूरत है और हमारी दुनिया पलभर में बदल जाती है। शब्दों से परे कृतज्ञता।” फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के सितारों ने इस नाम की खूब सराहना की है। कमेंट सेक्शन में फैंस लगातार हार्ट इमोजी साझा कर रहे हैं और कई लोगों ने लिखा कि यह नाम बेहद प्यारा और अर्थपूर्ण है।
कटरीना और विकी 9 दिसंबर 2021 को शादी के बंधन में बंधे थे। शादी के चार साल बाद उन्होंने माता-पिता बनने की खुशी का अनुभव किया। सितंबर 2025 में कपल ने अपने प्रेग्नेंसी की खबर साझा की थी, और नवंबर में यह खुशखबरी सामने आई कि वे माता-पिता बन चुके हैं। अब, बेटे का नाम भी फैंस के सामने आ गया है, जो कपल की खुशी में चार चांद लगा रहा है।









