नेपाल में जारी हिंसक प्रदर्शनों का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला है। काठमांडू का त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मंगलवार रात तक बंद कर दिया गया है।
इस बीच दिल्ली और मुंबई से काठमांडू के लिए उड़ान भर चुकी इंडिगो की दो फ्लाइट्स (6E-1153 और 6E-1157) को बीच रास्ते से लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। लखनऊ में ईंधन भरने के बाद दोनों विमानों को वापस दिल्ली और मुंबई भेज दिया गया।
वहीं, एयर इंडिया ने भी सुरक्षा हालात को देखते हुए अपनी 3 उड़ानें — AI2231/2232, AI2219/2220, AI217/218 और AI211/212 — को रद्द कर दिया है।
एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए परामर्श भी जारी किया है। एयर इंडिया ने कहा कि वह हालात पर नजर बनाए हुए है और आगे की जानकारी जल्द साझा की जाएगी। वहीं, इंडिगो ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए बताया कि काठमांडू की सभी उड़ानें फिलहाल स्थगित हैं और यात्री चाहें तो वैकल्पिक यात्रा विकल्प या धन वापसी चुन सकते हैं।









