कर्नाटक सरकार ने न्यू ईयर ईव को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए बड़ा सुरक्षा प्लान तैयार किया है। गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने बुधवार को बताया कि इस वर्ष शराब के अधिक सेवन से प्रभावित लोगों को सुरक्षित घर तक पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि, यह सुविधा केवल उन लोगों के लिए होगी जो अत्यधिक नशे में हैं और ठीक से चल भी नहीं पा रहे हैं।
राज्य में 15 ऐसे केंद्र बनाए गए हैं, जहां नशे में धुत लोगों को रखा जाएगा और नशा कम होने के बाद उन्हें सुरक्षित रूप से घर भेजा जाएगा। विशेष रूप से बेंगलुरु, मैसूरु, हुब्बली, बेलगावी और मंगलुरु में इस दौरान सार्वजनिक नशे की घटनाएं अधिक होती हैं। महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस रखा गया है। गृह मंत्री ने कहा कि महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार के दुरुपयोग की आशंका के चलते राज्य के सभी 30 जिलों को अलर्ट पर रखा गया है।
ड्रिंक एंड ड्राइव पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। 160 चेकिंग पॉइंट्स बनाए गए हैं और पुलिसकर्मियों को बॉडी कैमरा पहनने के निर्देश दिए गए हैं, जो सीधे कमांड सेंटर से जुड़े होंगे। बेंगलुरु में 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिसमें महिला सुरक्षा के लिए विशेष स्क्वॉड शामिल हैं। आधुनिक तकनीक के माध्यम से भीड़ और ट्रैफिक पर नजर रखी जाएगी ताकि न्यू ईयर ईव की रात सुरक्षित तरीके से मनाई जा सके।









