प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत कानपुर नगर में सोलर रूफटॉप सिस्टम की कुल क्षमता 64 मेगावाट तक पहुंच गई है। जिले में अब तक 20,756 से अधिक सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाए जा चुके हैं, जिसके साथ कानपुर उत्तर प्रदेश में सोलर रूफटॉप स्थापना के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) के अनुसार, इस क्षमता से प्रतिवर्ष करीब 9.6 करोड़ यूनिट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है, जिसकी अनुमानित आर्थिक कीमत 34 से 38 करोड़ रुपये सालाना है।
फरवरी 2024 में शुरू हुई इस योजना के तहत जिले में रोज़ाना औसतन 80 से 90 नए सोलर सिस्टम लगाए जा रहे हैं। 64 मेगावाट सौर उत्पादन से हर साल लगभग 80 हजार टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आ रही है, जो करीब 35 लाख पेड़ लगाने के बराबर है। विशेषज्ञों के अनुसार, इससे रोज़ाना 30 से 35 हजार शहरी घरों की बिजली जरूरतें पूरी हो सकती हैं।









