National

BRS से के. कविता सस्पेंड, पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप

तेलंगाना की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है. भारतीय राष्ट्र समिति (BRS) ने पार्टी की एमएलसी के. कविता को पार्टी से निलंबित कर दिया है. खास बात यह है कि यह फैसला खुद उनके पिता और BRS अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव (KCR) ने लिया है. BRS ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि कविता की हाल की गतिविधियां पार्टी के हित में नहीं थीं. उन्होंने कई बार पार्टी विरोधी बयान दिए और पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाया. इसी वजह से उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है.

सस्पेंशन से ठीक एक दिन पहले कविता ने पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं—टी. हरिश राव और मेघा कृष्ण रेड्डी—पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा था कि ये लोग उनके पिता KCR को भ्रष्टाचार मामलों में फंसाकर बलि का बकरा बनाना चाहते हैं. कविता पहले भी पार्टी के फैसलों पर सवाल उठा चुकी हैं. 2023 में चुनाव हारने के बाद उन्होंने BRS की अंदरूनी नीतियों की आलोचना की थी. साथ ही उन्होंने भाजपा से गठजोड़ के विरोध में भी बयान दिए थे. पार्टी का कहना है कि ये सब बातें संगठन के अनुशासन के खिलाफ हैं और इनसे BRS को नुकसान हो रहा है. इसलिए सख्त कदम उठाते हुए के. कविता को पार्टी से निलंबित किया गया है.