भारतीय ऑटो बाजार में इस दिवाली एक नई प्लग-इन हाइब्रिड SUV दस्तक देने जा रही है। JSW Motors और Chery की साझेदारी में आने वाली Jetour T2 पेट्रोल और बिजली दोनों से चलेगी और कंपनी का दावा है कि यह 1,000 किलोमीटर से ज्यादा की कुल ड्राइविंग रेंज देगी। अनुमानित 35 से 45 लाख रुपये की कीमत वाली यह SUV महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित JSW प्लांट में असेंबल की जाएगी और शुरुआत में 5-सीटर मॉडल के रूप में पेश की जाएगी।
Jetour T2 में 1.5-लीटर टर्बो GDi पेट्रोल इंजन, दो इलेक्ट्रिक मोटर और 26.7kWh LFP बैटरी पैक दिया जाएगा, जो मिलकर 381 bhp की पावर और 610 Nm का टॉर्क पैदा करेगा। कंपनी के अनुसार यह SUV 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार केवल 7 सेकंड में पकड़ सकती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 197 किमी/घंटा होगी। केवल बैटरी पर यह 139 किलोमीटर तक चल सकती है और AC व DC दोनों फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करेगी। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले ग्राहकों के लिए यह SUV इलेक्ट्रिक और पेट्रोल तकनीक का दमदार विकल्प साबित हो सकती है।


