हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में 21 से 23 नवंबर तक होने जा रहे जल तरंग जोश महोत्सव-2025 में इस बार पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए रोमांच दोगुना होने वाला है। जिला प्रशासन ने महोत्सव को और आकर्षक बनाने के लिए गोविंद सागर झील पर जल-आधारित गतिविधियों को किफायती दरों पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि आगंतुक कम कीमत में क्रूज राइड, स्पीड बोट, जेट स्की और शिकारा राइड का मज़ा ले सकेंगे। क्रूज राइड 400 रुपये, स्पीड बोट और शिकारा राइड 200 रुपये तथा जेट स्की राइड 500 रुपये प्रति व्यक्ति तय की गई है। ये राइड्स लुहणू मैदान के पास हिमालयन एडवेंचर द्वारा संचालित की जाएंगी।
महोत्सव के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। झील क्षेत्र में बचाव दल, तकनीकी निगरानी टीम और सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा, ताकि सभी गतिविधियां सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित हों। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि हर आगंतुक झील की प्राकृतिक सुंदरता और महोत्सव का आनंद बिना किसी परेशानी के ले सके। इस तीन दिवसीय उत्सव में रोमांच, पर्यटन और मनोरंजन का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।









