हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार में मंत्री अनिरुद्ध सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री द्वारा एक अधिकारी से मारपीट करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह सरकार की छवि को भी नुकसान पहुंचाने वाला कृत्य है। जयराम ठाकुर ने कहा कि मंत्री अनिरुद्ध सिंह द्वारा एक अधिकारी के साथ मारपीट करना बेहद निंदनीय है। यह घटना शासन व्यवस्था और प्रशासनिक मर्यादाओं के खिलाफ है। एक मंत्री को अपने पद की गरिमा और ज़िम्मेदारी को समझना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को इस मामले में बिल्कुल भी ढिलाई नहीं बरतनी चाहिए। उन्हें अनिरुद्ध सिंह से तुरंत इस्तीफा लेना चाहिए। यदि सरकार ऐसी घटनाओं को नज़रअंदाज करती है तो इससे उसकी विश्वसनीयता पर गहरे सवाल खड़े होते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के इस तीखे बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। मंत्री अनिरुद्ध सिंह के राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। विपक्ष इस मुद्दे को विधानसभा सत्र और जनता के बीच जोरशोर से उठाने की तैयारी में है।
