Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश का इटारसी-बैतूल ‘टाइगर कॉरिडोर’ बनेगा फोर-लेन हाईवे, 758 करोड़ की मंजूरी

मध्य प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इटारसी-बैतूल सेक्शन में स्थित 22 किलोमीटर लंबे ‘टाइगर कॉरिडोर’ को अब फोर-लेन हाईवे में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए 758 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 (NH-46) के इस हिस्से के अपग्रेड होने से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और विकास को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताते हुए कहा कि इससे इटारसी-बैतूल क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदल जाएगी।

परियोजना के तहत 11 अंडरपास और ओवरपास बनाए जाएंगे, जिससे वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की भी उम्मीद है। यह कॉरिडोर बैतूल को नागपुर से जोड़ेगा, जिससे उत्तर और दक्षिण भारत के बीच संपर्क और मजबूत होगा। साथ ही, कोयला, तांबा और ग्रेफाइट जैसे प्राकृतिक संसाधनों की ढुलाई तेज और सुरक्षित हो सकेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को फायदा मिलेगा।

इसके अलावा, सड़क के बेहतर होने से यात्रा समय में कमी आएगी और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, महादेव नेशनल पार्क और रातापानी वाइल्डलाइफ सेंचुरी जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना न सिर्फ कनेक्टिविटी बढ़ाएगी, बल्कि आर्थिक विकास, पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन बनाने की दिशा में भी अहम कदम साबित होगी।