World

हॉर्मूज जलडमरूमध्य पर ईरान का बड़ा फैसला, जहाजों से भारी टोल वसूली का ऐलान

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनावपूर्ण हालात के बीच अब संघर्ष का असर वैश्विक व्यापार पर भी दिखने लगा है। जंग के 24वें दिन ईरान ने रणनीतिक रूप से बेहद अहम हॉर्मूज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर करीब 20 मिलियन डॉलर तक का टोल लगाने का ऐलान किया है। ईरान ने इसे अपना अधिकार बताते हुए कहा कि युद्ध की बढ़ती लागत को देखते हुए यह कदम जरूरी है। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य अलाएद्दीन बोरूजेर्दी ने कहा कि यह फैसला लागू किया जा चुका है और इससे देश की ताकत और नियंत्रण का संदेश जाता है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह शुल्क सभी देशों पर लागू होगा या चुनिंदा जहाजों पर।

इससे पहले ईरान ने चेतावनी दी थी कि अगर उस पर हमले जारी रहे तो वह इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को पूरी तरह बंद कर सकता है। वहीं, अमेरिका ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि वह वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को बाधित नहीं होने देगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी थी कि यदि 48 घंटे में मार्ग नहीं खोला गया तो ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमला किया जाएगा। इसके जवाब में ईरान ने भी पलटवार करते हुए कहा कि वह इजरायल के ऊर्जा ढांचे को निशाना बना सकता है। साथ ही ईरानी सेना ने चेतावनी दी है कि यदि उसके बिजली संयंत्रों पर हमला हुआ, तो हॉर्मूज जलडमरूमध्य को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।