आम आदमी पार्टी में बढ़ती अंदरूनी खींचतान के बीच राघव चड्ढा ने द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय लिया है। यह बैठक 5 मई को सुबह 10:40 बजे तय की गई है, जिसमें चड्ढा पंजाब में सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग और राजनीतिक बदले की भावना से हो रही कार्रवाई की शिकायत उठाएंगे। सूत्रों के अनुसार, उनके साथ तीन अन्य सांसद भी मौजूद रहेंगे। चड्ढा का आरोप है कि पंजाब सरकार उन नेताओं और सांसदों को निशाना बना रही है, जिन्होंने हाल ही में पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब उनके और पार्टी नेतृत्व, खासकर अरविंद केजरीवाल के बीच दूरियों की खबरें लगातार चर्चा में हैं।
बताया जा रहा है कि केजरीवाल के जेल में रहने के दौरान चड्ढा का विदेश में होना और पार्टी की रणनीति से दूरी बनाना नेतृत्व को पसंद नहीं आया। लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्हें पंजाब की मुख्य रणनीति से अलग रखा गया, जिससे मतभेद और स्पष्ट हो गए। इसी बीच चड्ढा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर कहा, “मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना… मैं वो दरिया हूं जो वक्त आने पर सैलाब बनता है,” जिसे पार्टी नेतृत्व के लिए एक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि राघव चड्ढा का राजनीतिक सफर आंदोलन से शुरू होकर राज्यसभा तक पहुंचा, लेकिन हालिया घटनाक्रम ने उनकी भूमिका और पार्टी के भीतर उनकी स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।









