इंस्टाग्राम ने अपने यूजर्स के चैटिंग अनुभव को और इंटरेक्टिव बनाने के लिए नया AI Voice Effects फीचर लॉन्च कर दिया है। अब यूजर्स अपने डायरेक्ट मैसेज (DM) में भेजे जाने वाले वॉइस नोट्स को अलग-अलग AI इफेक्ट्स के साथ बदल सकते हैं, जिससे साधारण आवाज़ भी बेहद क्रिएटिव और मजेदार लग सकती है।
यह नया फीचर भारत में भी उपलब्ध हो गया है और यूजर्स इसे सीधे अपनी DM चैट में इस्तेमाल कर सकते हैं। इंस्टाग्राम ने बताया है कि इस फीचर के जरिए कुल 8 वॉइस इफेक्ट्स उपलब्ध हैं। इनमें चिपमंक, डेमन, एलियन, रोबोट, अंडरवाटर, स्टेडियम, वॉबल और फिशबोएल शामिल हैं। इन फिल्टर्स की मदद से यूजर अपनी आवाज़ को डरावना, मजेदार या बिल्कुल अलग टोन में बदल सकते हैं। साथ ही, अगर कोई यूजर अपनी असली आवाज़ में वॉइस नोट भेजना चाहे, तो ऑरिजनल विकल्प भी मौजूद है। रिसीवर को भी यह जानकारी मिलती है कि कौन सा फिल्टर इस्तेमाल हुआ है, और वह भी इसे ट्राई कर सकता है।
इस फीचर का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। बस इंस्टाग्राम खोलें, किसी DM चैट में जाएं और वॉइस नोट रिकॉर्ड बटन पर टैप करें। रिकॉर्डिंग के बाद AI Voice Effects का ऑप्शन दिखाई देगा। अपनी पसंद का इफेक्ट चुनकर रिकॉर्डिंग का प्रीव्यू देखें और फिर भेजें।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह कदम इंस्टाग्राम के AI फीचर्स को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। कंपनी आने वाले समय में Create My Likeness जैसे AI आधारित फेस स्वैप फीचर भी ला सकती है, जिससे यूजर्स AI की मदद से फोटो और वीडियो क्रिएट कर पाएंगे। इससे साफ है कि इंस्टाग्राम पर AI आधारित इंटरैक्टिव अनुभव और भी एडवांस होने वाला है।









