मध्य प्रदेश के Indore में Lav-Kush Crossing पर बन रहे डबल डेकर ब्रिज के निर्माण में अब अहम चरण शुरू होने जा रहा है। करीब 800 टन वजनी ब्रेसिंग की लॉन्चिंग की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विशेषज्ञों की निगरानी में विशाल क्रेनों की मदद से आधी रात के बाद 400-400 टन की दो ब्रेसिंग को स्थापित किया जाएगा। लगभग 70 फीट ऊंचे इस ब्रिज का करीब 85 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। पुल की एक लेयर पर सड़क यातायात चलेगा, जबकि दूसरी लेयर से मेट्रो ट्रेन गुजरेगी।
करीब 180 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल इंदौर ही नहीं बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के बड़े और अनूठे ब्रिजों में शामिल होगा। यह ब्रिज बाणगंगा से उज्जैन रोड को जोड़ेगा और एयरपोर्ट, एमआर-10 और सुपर कॉरिडोर की ओर जाने वाले ट्रैफिक के लिए अहम साबित होगा। आने वाले सिंहस्थ मेले को देखते हुए भी इस ब्रिज की उपयोगिता काफी बढ़ जाएगी, क्योंकि Lav-Kush Crossing शहर के सबसे व्यस्त ट्रैफिक जंक्शनों में से एक माना जाता है।









