भारत ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड को 336 रन से हराकर विदेशी ज़मीन पर अपनी अब तक की सबसे बड़ी टेस्ट जीत दर्ज की है। टीम इंडिया ने इंग्लैंड को जीत के लिए 608 रन का विशाल लक्ष्य दिया था, जिसके जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम महज़ 271 रन पर सिमट गई।
इस ऐतिहासिक जीत में कप्तान शुभमन गिल और तेज़ गेंदबाज़ आकाश दीप ने अहम भूमिका निभाई।
गिल ने पहली पारी में 269 रन की लाजवाब पारी खेली, जबकि दूसरी पारी में भी उन्होंने 161 रन बनाए। वहीं गेंदबाज़ी में आकाश दीप ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट झटके। इसके अलावा, तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने भी पहली पारी में 6 विकेट लेकर इंग्लिश बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने दूसरी पारी में भी एक विकेट लिया।
शुभमन गिल के नेतृत्व में भारत की यह जीत ना सिर्फ़ स्कोर बोर्ड पर भारी रही, बल्कि मानसिक रूप से भी टीम ने इंग्लैंड पर दबदबा कायम कर लिया। कप्तान की जिम्मेदारी संभालने के बाद गिल का यह प्रदर्शन उनके करियर का एक नया अध्याय साबित हो सकता है।








