National

भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का रूट और किराया हुआ घोषित, हाई-स्पीड ट्रायल सफल

केंद्र सरकार ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का रूट घोषित कर दिया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही कोलकाता और गुवाहाटी के बीच इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। ट्रेन हाल ही में सफल ट्रायल के बाद लंबे दूरी के यात्रियों के लिए तैयार है।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 16 कोच होंगे और इसका किराया किलोमीटर के आधार पर तय किया जाएगा: 1AC – ₹3.80/km, 2AC – ₹3.10/km और 3AC – ₹2.40/km। ट्रायल कोटा–नागदा सेक्शन पर हुआ, जिसमें ट्रेन ने 180 किमी/घंटे की रफ्तार हासिल की। परीक्षण में राइड क्वालिटी, ब्रेकिंग सिस्टम, सुरक्षा फीचर्स और कंपन की जांच की गई और सभी सफल रहे।

ट्रेन में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया है। इसमें आरामदायक स्लीपर बर्थ, आधुनिक सस्पेंशन, ऑटोमैटिक दरवाजे, उन्नत शौचालय, सीसीटीवी, फायर डिटेक्शन सिस्टम, ऊर्जा बचाने वाली तकनीक, कवच सुरक्षा, रीजनरेटिव ब्रेकिंग, और इमरजेंसी टॉक-बैक जैसी सुविधाएं हैं। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष शौचालय और हर कोच के अंत में फायर बैरियर दरवाजे भी उपलब्ध हैं। यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा को तेज़, आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए डिज़ाइन की गई है।