एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक अनोखी पहल के तहत भारत का पहला पूरी तरह आर्ट-रैप्ड विमान, ‘द फ्लाइंग कैनवस’, पेश किया है। यह बोइंग 737-8 विमान अपनी बाहरी बॉडी पर ओशीन शिवा की कलाकृति से सजाया गया है, जो अतीत, वर्तमान और भविष्य के बीच एक खूबसूरत कनेक्शन दर्शाती है।
इस विशेष विमान को केवल यात्रा का साधन नहीं बल्कि उड़ती हुई आर्ट गैलरी के रूप में डिजाइन किया गया है। ओशीन की कला में तमिल संस्कृति और परंपरा की झलक दिखाई देती है, जो भारतीय विरासत को आधुनिक नजरिए के साथ जोड़ती है। पारंपरिक प्रतीकों और रंगों के माध्यम से यह विमान भारत की सांस्कृतिक विविधता और पहचान को उजागर करता है।
‘द फ्लाइंग कैनवस’ एयर इंडिया एक्सप्रेस के ‘टेल्स ऑफ इंडिया’ प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत अक्टूबर 2023 में हुई थी। इस पहल का उद्देश्य भारत की कला और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय यात्रियों तक पहुँचाना है। पहले जहां केवल विमान की पूंछ पर कलात्मक डिजाइन दिखाई देता था, वहीं इस बार पूरे विमान को ही एक कलात्मक कैनवस में बदला गया है। इस पहल में कोच्चि-मुजिरिस बिएनाले की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भारत की प्रमुख अंतरराष्ट्रीय समकालीन कला प्रदर्शनी के साथ साझेदारी ने इस अद्वितीय परियोजना को साकार किया।
एयर इंडिया एक्सप्रेस का कहना है कि यह विमान 60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और घरेलू गंतव्यों पर उड़ान भरेगा। इसका मतलब है कि अब भारत की सांस्कृतिक कला और विरासत दुनिया भर में लोगों तक पहुँचेगी। यह सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि भारत की कला और संस्कृति का एक दृश्य अनुभव भी प्रस्तुत करेगा।सिद्धार्थ बुटालिया, मार्केटिंग ऑफिसर, एयर इंडिया एक्सप्रेस के अनुसार, “यह विमान लोगों को भारत की सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने का एक नया माध्यम है। हमारी कला अब दुनिया भर में उड़ान भर रही है।”









