National

हैदराबाद में शुरू हुआ देश का पहला AI गोल्ड ATM, अब सोना डालते ही मिलेगा सीधा पैसा

हैदराबाद में भारत का पहला AI-इनेबल्ड गोल्ड ATM शुरू किया गया है। फिनटेक कंपनी Goldsikka द्वारा लॉन्च की गई यह मशीन लोगों को ज्वेलरी शॉप के चक्कर से राहत दिलाएगी। अब ग्राहक अपना पुराना सोना इस ATM में डालकर सिर्फ 30 मिनट में सीधे अपने बैंक खाते में पैसे पा सकते हैं। इस हाईटेक मशीन में सोना डालते ही वह उसे पिघलाकर वजन और शुद्धता जांचती है। इसके बाद AI सिस्टम मौजूदा बाजार भाव के हिसाब से कीमत तय करता है और रकम सीधे खाते में ट्रांसफर हो जाती है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है, बिना मोलभाव और बिना किसी झंझट के।

यह ATM सिर्फ सोना बेचने तक सीमित नहीं है। यहां से ग्राहक 0.5 ग्राम से 100 ग्राम तक के गोल्ड कॉइन खरीद भी सकते हैं। खास बात यह है कि इसमें ऑगमेंटेड रियलिटी तकनीक से ज्वेलरी को वर्चुअली ट्राय करने की सुविधा भी दी गई है। मशीन 24 घंटे काम करती है और इसमें एडवांस सिक्योरिटी सिस्टम लगाया गया है। हर ट्रांजेक्शन से पहले KYC अनिवार्य है। पहचान पत्र और फोटो के जरिए ग्राहक की पुष्टि की जाती है, ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी रोकी जा सके। कंपनी का कहना है कि जल्द ही देश के दूसरे शहरों में भी ऐसे AI गोल्ड ATM लगाए जाएंगे, जिससे सोना खरीदना और बेचना और आसान हो जाएगा।