Entertainment

Indian Idol 3 के विनर प्रशांत तमांग का 43 साल की उम्र में निधन

इंडियन आइडल सीजन 3 के विनर और मशहूर सिंगर-एक्टर प्रशांत तमांग का 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। 11 जनवरी 2026 की सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रशांत तमांग के अचानक निधन से उनके फैंस और पूरी इंडस्ट्री सदमे में है। कई कलाकारों और संगीतकारों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। प्रशांत तमांग का जन्म 4 जनवरी 1983 को दार्जिलिंग में हुआ था। वे नेपाली-भारतीय पृष्ठभूमि से थे।

उन्होंने 2007 में इंडियन आइडल सीजन 3 जीतकर देशभर में पहचान बनाई। खास बात यह रही कि वे पहले कोलकाता पुलिस में कांस्टेबल थे और पुलिस ऑर्केस्ट्रा में गाया करते थे। इंडियन आइडल के बाद उन्होंने कई म्यूजिक एल्बम और फिल्मों में अपनी आवाज दी। उन्होंने नेपाली फिल्मों में भी काम किया और अभिनय की दुनिया में कदम रखते हुए वेब सीरीज ‘पाताल लोक 2’ में स्नाइपर की भूमिका निभाकर दर्शकों की सराहना बटोरी। प्रशांत तमांग को उनकी सादगी, मेहनत और दिल को छू लेने वाली आवाज के लिए हमेशा याद किया जाएगा।