National World

सऊदी अरब में मिसाइल हमले पर भारतीय दूतावास का बड़ा बयान, किसी भारतीय की मौत नहीं

सऊदी अरब के अल-खर्ज शहर में हुए मिसाइल हमले को लेकर सामने आई भारतीय नागरिक की मौत की खबरों पर अब भारतीय दूतावास ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि इस घटना में किसी भी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार शाम अल-खर्ज में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में एक भारतीय नागरिक घायल जरूर हुआ है, लेकिन उसकी हालत स्थिर है।

दूतावास के अनुसार काउंसलर (सीडब्ल्यू) वाई. साबिर घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार रात अल-खर्ज पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात की। फिलहाल घायल व्यक्ति का इलाज अल-खर्ज के एक सरकारी अस्पताल में चल रहा है और दूतावास उसकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।

दरअसल, इससे पहले सऊदी सिविल डिफेंस के एक अधिकारी ने दावा किया था कि हमले में मारे गए दो लोगों में एक भारतीय और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल है। हालांकि भारतीय दूतावास ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि किसी भारतीय की जान नहीं गई है, जो राहत की बात है।

दूतावास ने यह भी बताया कि वह पूरे मामले को लेकर सऊदी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और हालात पर नजर रखे हुए है। इस बीच भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें सभी से सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में दूतावास से संपर्क करने की अपील की गई है।