World

भारतवंशी अमेरिकी विश्लेषक एश्ले टेलिस जासूसी के आरोप में गिरफ्तार

भारत में जन्मे और अमेरिका में दक्षिण एशिया नीति के वरिष्ठ सलाहकार रहे एश्ले टेलिस को अमेरिकी अधिकारियों ने गोपनीय दस्तावेज रखने और चीन से संदिग्ध संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया है. 64 वर्षीय टेलिस पर अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों को अवैध रूप से रखने और उन्हें विदेशी ताकतों तक पहुंचाने की आशंका जताई गई है. एफबीआई के अनुसार, टेलिस के वर्जीनिया और वियना स्थित घरों से हजारों पन्नों के ‘टॉप सीक्रेट’ दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिन्हें उन्होंने डिफेंस और स्टेट डिपार्टमेंट की इमारतों से निकालकर घर ले गए थे.

टेलिस, जो कार्नेगी एंडाउमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस में सीनियर फेलो हैं, कई दशकों से भारत-अमेरिका-चीन संबंधों पर प्रभावशाली टिप्पणीकार माने जाते रहे हैं. उन्होंने अमेरिका की रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों सरकारों को रणनीतिक सलाह दी थी. मामला तब और गंभीर हुआ जब जांच में सामने आया कि टेलिस ने पिछले कुछ वर्षों में कई बार चीनी अधिकारियों से मुलाकात की. विशेष रूप से, सितंबर 2025 में वर्जीनिया के एक रेस्टोरेंट में उन्हें एक संदिग्ध मनीला लिफाफा लिए हुए देखा गया, जबकि एक अन्य मौके पर उन्हें एक “गिफ्ट बैग” प्राप्त करते पाया गया.

एफबीआई का कहना है कि टेलिस को ‘टॉप सीक्रेट’ स्तर की सुरक्षा मंजूरी प्राप्त थी, जिससे उन्हें संवेदनशील सूचनाओं तक सीधी पहुंच थी. अमेरिकी अभियोजकों ने इस घटना को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए “गंभीर खतरा” बताया है. दोषी पाए जाने पर उन्हें 10 साल की जेल और $2.5 लाख का जुर्माना हो सकता है. यह मामला अमेरिका के भीतर विदेशी हस्तक्षेप और खुफिया नेटवर्क की बढ़ती आशंका को उजागर करता है.