भारत और नेपाल के बीच रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने सोमवार को नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनल से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तृत चर्चा की। यह मुलाकात नेपाल के विदेश मंत्रालय में शिष्टाचार भेंट के तौर पर हुई, जहां दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल सहयोग को और आगे बढ़ाने के मुद्दों पर विचार किया। इस दौरान राजदूत श्रीवास्तव ने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की ओर से शिशिर खनल को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं भी दीं।
इससे पहले भी डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया के जरिए खनल को बधाई देते हुए दोनों देशों की पारंपरिक साझेदारी को और मजबूत करने की इच्छा जताई थी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह को बधाई दी और दोनों देशों के बीच दोस्ती को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की बात कही थी। नेपाल में हाल ही में हुए राजनीतिक बदलावों के बाद यह मुलाकात खास मानी जा रही है।
35 वर्षीय बालेंद्र शाह देश के सबसे युवा प्रधानमंत्रियों में शामिल हैं और उनके नेतृत्व में भारत-नेपाल संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। भारत और नेपाल के रिश्ते सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक स्तर पर भी गहरे जुड़े हुए हैं। भारत, नेपाल का सबसे बड़ा विकास साझेदार रहा है और लंबे समय से इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य परियोजनाओं में सहयोग करता आया है।









