धर्मशाला में मिली जीत के बाद भारतीय टीम आज लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 मुकाबले में उतरेगी। इस मैच में जीत हासिल कर भारत सीरीज अपने नाम करना चाहेगा, जबकि दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए यह मुकाबला वापसी का सुनहरा मौका होगा। दोनों ही टीमें अपने प्रमुख खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरेंगी।
अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर लखनऊ में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें सोमवार को ही शहर पहुंच चुकी हैं और स्टेडियम में सुरक्षा व आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए लखनऊ पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जो रात 12 बजे तक लागू रहेगी।
ज्वॉइंट सीपी लॉ एंड ऑर्डर बबलू कुमार के अनुसार, मैच के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। करीब 15 से 20 हजार वाहनों के आने की उम्मीद है। मैदान और ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी और ट्रैफिक स्टाफ तैनात रहेगा।
शाम 7:30 बजे शुरू होने वाले मैच को लेकर दर्शकों को पीक आवर से बचकर समय से स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत के सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या और शुभमन गिल, जबकि दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक, डेविड मिलर और एडन मार्करम पर सबकी नजरें रहेंगी। मुकाबले के हाई स्कोरिंग रहने की पूरी संभावना है।









