Sports

भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप फाइनल: खिताब के लिए आज अहमदाबाद में महामुकाबला

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। न्यूजीलैंड पहली बार टी20 विश्व कप जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा, जबकि भारतीय टीम तीसरी बार यह खिताब अपने नाम करने और लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने की कोशिश करेगी। भारत ने मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, वहीं न्यूजीलैंड ने कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका को मात देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत और न्यूजीलैंड की यह चौथी भिड़ंत होगी। इससे पहले हुए तीनों मुकाबलों में न्यूजीलैंड को जीत मिली है। ऐसे में भारतीय टीम के पास इस बार पुराना रिकॉर्ड बदलने और बराबरी करने का अवसर है। फाइनल में सबसे रोमांचक मुकाबला भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और न्यूजीलैंड के आक्रामक सलामी बल्लेबाज फिन एलन व टिम सीफर्ट के बीच देखने को मिल सकता है। बुमराह अपनी सटीक यॉर्कर और स्विंग गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, जबकि एलन और सीफर्ट तेज शुरुआत दिलाने की क्षमता रखते हैं। शुरुआती ओवरों की यह टक्कर मैच की दिशा तय कर सकती है।

वहीं न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के लिए चुनौती बन सकते हैं। स्पिन विभाग में कप्तान मिचेल सैंटनर अहम भूमिका निभा सकते हैं, जबकि ऑलराउंडर रचिन रवींद्र भी अपनी गेंदबाजी से असर डाल सकते हैं। ऐसे में अहमदाबाद में होने वाला यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।