विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर भारत ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक अहम कदम उठाते हुए फेफड़ों के कैंसर के इलाज और पैलिएटिव केयर के लिए नई स्वदेशी राष्ट्रीय गाइडलाइंस जारी करने की घोषणा की है। ‘लंग कैंसर ट्रीटमेंट एंड पैलिएशन एविडेंस-बेस्ड गाइडलाइंस’ नाम से तैयार की गई ये गाइडलाइंस देशभर में मरीजों को एक समान, वैज्ञानिक और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई हैं।
सरकार का मानना है कि भारत को अब विदेशी चिकित्सा मॉडल पर निर्भर रहने के बजाय अपनी भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक जरूरतों के अनुरूप इलाज की व्यवस्था विकसित करनी चाहिए। यही सोच इन नई गाइडलाइंस की नींव है। इन दिशानिर्देशों में कुल 15 अहम सिफारिशें शामिल की गई हैं, जिनमें समय पर पहचान, सही उपचार और मरीजों की देखभाल यानी पैलिएटिव केयर पर विशेष जोर दिया गया है। इससे डॉक्टरों को उपचार संबंधी फैसले लेने में स्पष्ट मार्गदर्शन मिलेगा और मरीजों की जीवन गुणवत्ता बेहतर हो सकेगी।
स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (DHR) की वेबसाइट पर ये गाइडलाइंस उपलब्ध होंगी। साथ ही मरीजों और उनके परिवारों के लिए सरल भाषा में इसका सार भी जारी किया जाएगा, ताकि आम लोग भी इसे आसानी से समझ सकें। गौरतलब है कि हर साल 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, रोकथाम, जल्द पहचान और समय पर इलाज को बढ़ावा देना है।









