भारत अगले महीने स्विट्जरलैंड के दावोस में होने वाले विश्व आर्थिक मंच (WEF) 2026 की वार्षिक बैठक में जोरदार उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है। इस पांच दिवसीय सम्मेलन (18–24 जनवरी) में भारत से तीन केंद्रीय मंत्री—अश्विनी वैष्णव, शिवराज सिंह चौहान, प्रल्हाद जोशी और नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू भाग लेंगे। इसके अलावा, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के एन चंद्रबाबू नायडू, असम के हिमंता बिस्वा शर्मा, मध्य प्रदेश के मोहन यादव और तेलंगाना के ए. रेवंत रेड्डी भी इस बैठक का हिस्सा होंगे।
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष रमेशभाई संघवी और उत्तर प्रदेश का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी सम्मेलन में शामिल होगा। भारतीय उद्योग जगत से मुकेश अंबानी, एन चंद्रशेखरन, संजीव बजाज और हरि एस. भरतिया भी भाग लेंगे। कुल मिलाकर करीब 130 देशों के लगभग 3,000 वैश्विक नेता, जिनमें लगभग 60 राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख शामिल होंगे।इस वार्षिक बैठक का विषय ‘संवाद की भावना’ है, जो नेताओं और उद्योग जगत को साझा वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और नवाचार के जरिए भविष्य को आकार देने का अवसर देगा। बैठक के प्रमुख फोकस क्षेत्र होंगे: वैश्विक सहयोग, विकास के नए स्रोत, निवेश, नवाचार का जिम्मेदार कार्यान्वयन और सीमाओं के भीतर समृद्धि का निर्माण।









