विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान खाड़ी क्षेत्र में छह भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है और एक व्यक्ति लापता है। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय दूतावास मृतकों के शवों की वापसी और लापता व्यक्ति की खोज के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है। विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर महाजन ने बताया कि सऊदी अरब, ओमान, इराक और संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय दूतावास सक्रिय हैं और स्थिति सुधारने के लिए सभी आवश्यक प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र से भारतीय यात्रियों की वापसी की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। 28 फरवरी से अब तक लगभग 3 लाख भारतीय इस क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं। संयुक्त अरब अमीरात से करीब 90 विशेष उड़ानों का संचालन आज होने की उम्मीद है। ओमान और सऊदी अरब से भी नियमित और विशेष उड़ानें जारी हैं।
कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुलने के साथ कतर एयरवेज आज भारत के लिए 10 विशेष वाणिज्यिक उड़ानें संचालित कर रही है। कुवैत और बहरीन का हवाई क्षेत्र अभी भी बंद है, लेकिन कुवैत एयरवेज अल कैसुमा से विशेष गैर-निर्धारित उड़ानों के जरिए यात्रियों को भारत लाने की तैयारी कर रही है। महाजन ने बताया कि मंत्रालय की 24×7 टीम लगातार फंसे हुए यात्रियों के संपर्क में है और उनका सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित करने के लिए सभी समन्वय कर रही है।









