रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने 3 मई को मध्य प्रदेश के श्योपुर परीक्षण स्थल पर एक स्ट्रैटोस्फेरिक एयरशिप प्लेटफॉर्म का पहला सफल परीक्षण किया. इस खास प्लेटफॉर्म को आगरा स्थित एरियल डिलीवरी रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेबलिशमेंट ने विकसित किया है.
रक्षा मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि DRDO ने श्योपुर में इस स्ट्रैटोस्फेरिक एयरशिप प्लेटफॉर्म का पहला ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया. यह एयरशिप एक विशेष प्रकार का पेलोड लेकर लगभग 17 किलोमीटर की ऊंचाई तक उड़ा और इसने करीब 62 मिनट तक उड़ान भरी. इस दौरान जो भी डेटा मिला है, उसका इस्तेमाल भविष्य में और भी अधिक ऊंचाई पर होने वाले एयरशिप मिशनों के लिए बेहतर सिमुलेशन मॉडल बनाने में किया जाएगा.
DRDO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, डीआरडीओ ने लगभग 17 किलोमीटर की ऊंचाई पर इंस्ट्रूमेंटल पेलोड के साथ स्ट्रेटोस्फेरिक एयरशिप का पहला उड़ान परीक्षण सफलतापूर्वक किया. हवा से हल्की यह प्रणाली भारत की पृथ्वी अवलोकन और खुफिया, निगरानी और टोही क्षमताओं को बढ़ाएगी, जिससे देश दुनिया के उन कुछ देशों में से एक बन जाएगा जिनके पास ऐसी स्वदेशी क्षमताएं हैं.









