Sports

महिला वनडे विश्व कप में भारत-पाकिस्तान भिड़ंत आज, भारत का पलड़ा भारी

कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आज भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें वनडे विश्व कप मुकाबले में आमने-सामने होंगी. पुरुष टीमों की रोमांचक भिड़ंतों के बाद अब जज़्बातों से भरा यह मुकाबला क्रिकेट कौशल के साथ-साथ भावनात्मक स्तर पर भी अहम रहेगा. भारत का अब तक का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है- दोनों टीमों के बीच खेले गए 11 वनडे मुकाबलों में भारत ने सभी में जीत हासिल की है.

भारत ने टूर्नामेंट के पहले मैच में श्रीलंका को 59 रन से हराया था, जबकि पाकिस्तान को बांग्लादेश ने 7 विकेट से हराया. पाकिस्तान की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी कमजोर बल्लेबाजी है, जबकि भारत की ताकत उसका संतुलित बल्लेबाजी क्रम और स्पिन गेंदबाज़ी है. कोलंबो की पिच स्पिनरों को मदद देती है, ऐसे में दीप्ति शर्मा भारत के लिए अहम खिलाड़ी हो सकती हैं.

हालांकि, बारिश इस हाई-वोल्टेज मैच में खलल डाल सकती है. एक्यूवेदर के अनुसार, रविवार को सुबह बारिश की संभावना 100 प्रतिशत है, जबकि दोपहर और शाम को कुछ खेल संभव हो सकता है. मैच से पहले और बाद में ‘नो हैंडशेक’ का विवाद भी सुर्खियों में है. भारतीय महिला खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएंगी, जैसा कि पुरुष टीम में भी देखने को मिला था. भारत की नज़र अब नेट रनरेट सुधारने पर होगी, जिससे टूर्नामेंट के आगे के चरण में फायदा मिल सके.

भारतीय महिला टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन: प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, श्री चरणी.

पाकिस्तानी महिला टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन: मुनीबा अली, ओमैमा सोहेल, सिद्रा अमीन, आलिया रियाज, सिद्रा नवाज (विकेटकीपर), नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, नाशरा संधू, डायना बेग, सादिया इकबाल.