World

भूटान के लिए भारत ने खोला खजाना, पीएम मोदी ने ₹4000 करोड़ की लाइन ऑफ क्रेडिट की घोषणा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान का दौरा कर दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत किया। इस अवसर पर भारत ने भूटान के विकास प्रोजेक्ट्स के लिए ₹4000 करोड़ की लाइन ऑफ क्रेडिट देने की घोषणा की। पीएम मोदी ने भूटान के पूर्व राजा जिग्मे सिंग्ये वांगचुक की 70वीं जयंती पर चांगलीमेथांग स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि कनेक्टिविटी से अवसर और समृद्धि बढ़ती है। इसी दिशा में भूटान के गेलेफु और समत्से शहरों को भारत के रेल नेटवर्क से जोड़ने का निर्णय लिया गया है।

मोदी ने गेलेफु माइंडफुलनेस सिटी पहल का समर्थन भी दोहराया और कहा कि भारत जल्द ही वहां आव्रजन चौकी स्थापित करेगा। इसके अलावा दोनों देशों ने तीन एमओयू पर करार किया। पहला नवीनीकरण ऊर्जा में सहयोग के लिए, जिसमें सौर, पवन, बायोमास, ऊर्जा भंडारण और ग्रीन हाइड्रोजन शामिल हैं। दूसरा स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में, जिसमें दवाएं, डिजिटल हेल्थ, मातृ स्वास्थ्य और प्रशिक्षण शामिल हैं। तीसरा मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में पेमा सेक्रेटेरिएट और निभांस के बीच हुआ।

पीएम मोदी ने भारत-भूटान जलविद्युत सहयोग, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण की भूटान की दूरदर्शिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि भूटान दुनिया का पहला कार्बन-निगेटिव देश बन गया है और 100 प्रतिशत बिजली नवीकरणीय स्रोतों से उत्पन्न करता है। भारत और भूटान के साझेदारी से दोनों देशों के उद्योग, किसान और नागरिकों को लंबी अवधि में समृद्धि और अवसर मिलेंगे।