National

वेनेजुएला संकट पर भारत की चिंता, शांति और संवाद से समाधान की अपील

वेनेजुएला में चल रहे राजनीतिक और सुरक्षा संकट को लेकर भारत ने गंभीर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि भारत सरकार वहां की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और वेनेजुएला के नागरिकों की सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंत्रालय ने सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने और मौजूदा समस्याओं का समाधान बातचीत व शांतिपूर्ण तरीकों से निकालने की अपील की है। भारत का मानना है कि किसी भी प्रकार की हिंसा या टकराव से हालात और अधिक बिगड़ सकते हैं, जिससे क्षेत्रीय स्थिरता को नुकसान पहुंचेगा। विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि काराकास स्थित भारतीय दूतावास वेनेजुएला में रह रहे भारतीय नागरिकों के लगातार संपर्क में है और जरूरत पड़ने पर उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

गौरतलब है कि हालिया घटनाक्रम, खासकर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो से जुड़े घटनाओं के बाद, भारत ने अपने नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने भारतीय नागरिकों को वेनेजुएला की गैर-जरूरी यात्राओं से फिलहाल बचने की सख्त सलाह दी है। वहीं, जो भारतीय पहले से वहां मौजूद हैं, उनसे अत्यधिक सतर्क रहने, अपनी आवाजाही सीमित रखने और भारतीय दूतावास के संपर्क में बने रहने को कहा गया है। भारत ने एक बार फिर जोर दिया है कि शांति, संवाद और कूटनीति ही इस संकट से बाहर निकलने का सबसे बेहतर रास्ता है।