National

भारत-ब्राजील रणनीतिक वार्ता में रक्षा, ऊर्जा और व्यापार सहयोग को नई गति

भारत और ब्राजील के बीच छठी रणनीतिक स्तर की वार्ता शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित हुई. भारत की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया, जबकि ब्राजील की ओर से राष्ट्रपति के विशेष सलाहकार और पूर्व विदेश मंत्री, राजदूत सेल्सो लुइस नूनेस अमोरिम शामिल हुए.

बैठक में रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा, दुर्लभ मृदा और खनिज जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की गई. साथ ही ब्रिक्स, आईबीएसए और आगामी कॉप-30 जैसे बहुपक्षीय मंचों पर दोनों देशों के सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई. जुलाई में पीएम मोदी की ब्राजील यात्रा के दौरान तय किए गए पांच सहयोग स्तंभों को आगे बढ़ाने पर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया.

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी शनिवार को अमोरिम से मुलाकात की और वैश्विक हालात व रणनीतिक साझेदारी को लेकर चर्चा की. हाल के महीनों में भारत-ब्राजील रिश्ते और भी गहरे हुए हैं, खासकर अमेरिका द्वारा दोनों देशों पर 50% टैरिफ लगाने के बाद. दोनों देश अब अपने द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक 20 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं. इसके लिए ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा की भारत यात्रा की तैयारियां चल रही हैं, जिसमें व्यापार और निवेश पर गहन चर्चा होगी. ब्राजील के उपराष्ट्रपति गेराल्डो अल्कमिन जल्द ही भारत आ सकते हैं.