नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित India AI Impact Summit 2026 को मिल रहे जबरदस्त जनसमर्थन के चलते इसकी क्लोजिंग डेट एक दिन के लिए बढ़ा दी गई है। पहले यह समिट 20 फरवरी 2026 तक निर्धारित थी, लेकिन अब यह 21 फरवरी 2026 तक चलेगी। भारी उत्साह और बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 फरवरी को समिट का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन सत्र में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सहित 20 देशों के प्रमुखों की उपस्थिति रहेगी। सुरक्षा कारणों और वीवीआईपी प्रोटोकॉल के चलते 19 फरवरी को IndiaAI Expo आम जनता के लिए बंद रहेगा। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी सचिव एस. कृष्णन ने बताया कि जनता को असुविधा से बचाने के लिए 19 फरवरी को प्रवेश बंद रखकर 21 फरवरी को अतिरिक्त दिन एक्सपो खोला जाएगा।
सम्मेलन में 110 से अधिक देशों की भागीदारी के साथ AI गवर्नेंस, सुरक्षा और समावेशी विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। स्टार्टअप्स और बड़ी टेक कंपनियां अपनी अत्याधुनिक तकनीक का प्रदर्शन कर रही हैं। एआई रोबोट के डांस मूव्स से लेकर उन्नत ऑटोमेशन समाधानों तक, कई आकर्षक प्रस्तुतियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं। आयोजकों के अनुसार, बढ़ती भागीदारी और जनता की रुचि को देखते हुए एक्सपो को एक दिन बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मेगा AI इवेंट का अनुभव कर सकें।









