भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज रायपुर में खेला जा रहा है। टीम इंडिया पहले मैच की जीत के साथ 1-0 से आगे चल रही है और अब इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने का लक्ष्य लेकर उतरेगी। यह रायपुर में दोनों टीमों के बीच पहला वनडे है जबकि भारतीय टीम यहां अपना दूसरा मैच खेलेगी। इससे पहले भारत ने जनवरी 2023 में इसी मैदान पर न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया था।साउथ अफ्रीका के लिए यह मुकाबला करो-या-मरो वाला है क्योंकि मैच हारने पर सीरीज भी उनके हाथ से निकल जाएगी। मार्कराम की कप्तानी वाली अफ्रीकी टीम इस नई पिच पर भारत को कड़ी चुनौती देने का प्रयास करेगी। भारतीय टीम में निगाहें एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली पर रहेंगी, जिन्होंने रांची वनडे में शानदार प्रदर्शन किया था। रोहित ने अर्धशतक और कोहली ने शतक जमाया था। 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से भी यह दोनों दिग्गज हर मैच में अपनी फिटनेस और फॉर्म बखूबी साबित कर रहे हैं। भारत पिछले 10 वर्षों से घरेलू सरजमीं पर साउथ अफ्रीका से कोई भी वनडे सीरीज नहीं हारा है। ऐसे में टीम इंडिया इस रिकॉर्ड को बरकरार रखते हुए आज रायपुर में भी जीत की कहानी दोहराना चाहेगी।

Sports
रायपुर में IND vs SA का दूसरा वनडे आज, सीरीज जीत के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया
- by Aakriti Sharma
- December 3, 2025
- Less than a minute
- 4 months ago








