भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में कई रिकॉर्ड बन रहे हैं. इसी टेस्ट मैच के दौरान इंग्लैंड के नाम एक ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया जो क्रिकेट इतिहास के 148 सालों में कभी नहीं हुआ. भारत के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड ने पहले 84 रनों पर अपने 5 विकेट खो दिए थे, इसके बाद हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ के बीच रिकॉर्ड 303 रनों की साझेदारी हुई. लेकिन जैसे ही ब्रूक आउट हुए तो इंग्लैंड बिखर गई. उसने अपने आखिरी 5 विकेट महज 22 रन के भीतर खो दिए. इंग्लैंड के छह बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए. इसके साथ ही इंग्लिश टीम के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया.
ऐसा पहली बार हुआ है जब टेस्ट क्रिकेट में किसी टीम ने 400 से ज्यादा रन बनाते हुए भी 6 खिलाड़ी बिना खाता खोले आउट हो गए. यह अनचाहा रिकॉर्ड है, जिसने एजबेस्टन टेस्ट को इतिहास के पन्नों में दर्ज करा दिया है. भारतीय टीम के लिए पहली पारी में मोहम्मद सिराज ने 70 रन देकर 6 विकेट लिए. सिराज ने बेन स्टोक्स, ब्रायडन कार्स, जोश टंग और शोएब बशीर का शून्य रन पर ही वापस भेजा. इंग्लैंड के ब्रायडन कार्स टेस्ट इतिहास के 10000वें डक बने हैं.
एजबेस्टन टेस्ट में पहले 3 दिन गजब ड्रामा चला. पहले 2 दिन भारत के नाम थे, लेकिन तीसरे दिन इंग्लैंड ने दमदार कमबैक किया. तीसरे दिन का खेल खत्म होते-होते भारत ने वापसी जरूर की. टीम इंडिया ने 587 रन बनाए थे, जिसके जवाब में इंग्लिश टीम 407 रन बना सकी. इसमें भी जैमी स्मिथ और ब्रूक के 303 रनों की साझेदारी है.









