National

आयकर रिफंड जांच में खुलासा, लाखों रिटर्न में छूट के दावे पाए फर्जी

आयकर रिफंड का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। खासकर एक लाख रुपये से अधिक के रिफंड कई मामलों में रुके हुए थे। इसका कारण आयकर विभाग की जांच है, जिसमें कई रिटर्न में गलत तरीके से छूट का दावा और हेराफेरी सामने आई। जांच में पता चला कि कुछ मामलों में राजनीतिक दलों और एनजीओ को चंदा दिखाया गया, लेकिन वास्तविक ट्रांसफर नहीं हुआ। बच्चों की फीस और मकान के किराए में भी गड़बड़ी मिली। आयकर विभाग ने संदिग्ध मामलों में नोटिस जारी कर दस्तावेज मांगे, जिनमें कई करदाताओं ने अपने रिटर्न को सुधारकर संशोधित किया। कुछ मामलों में कार्रवाई और जुर्माना भी लगाया जा रहा है, खासकर उन लोगों के लिए जो पिछले कई वर्षों से इसी तरह के दावे कर रहे थे।

सीबीटीडी ने बताया कि जिन रिटर्न की जांच पूरी हो गई है और कोई गड़बड़ी नहीं मिली, उनके रिफंड अगले महीने तक जारी किए जाएंगे। जिन मामलों में नोटिस जारी है, उन्हें सही साबित होने पर ही रिफंड मिलेगा। रिफंड से जुड़ी जानकारी के लिए सीपीसी बेंगलुरु (18001030025 / 18004190025) या क्षेत्रीय अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। ई-ग्रेवांस पोर्टल के जरिए भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।