Lifestyle

IIT मद्रास ने बनाई बिना दर्द वाली शुगर जांच डिवाइस, डायबिटीज मरीजों के लिए बड़ी राहत

डायबिटीज के मरीजों के लिए रोजाना ब्लड शुगर जांचना एक जरूरी लेकिन दर्दभरा काम होता है। हर बार टेस्ट के दौरान उंगली पर सुई जैसी हल्की चुभन महसूस होती है, जिससे कई लोग नियमित जांच से कतराते हैं। अब इस परेशानी का समाधान IIT मद्रास के वैज्ञानिकों ने ढूंढ लिया है। संस्थान की रिसर्च टीम ने एक ऐसी नई डिवाइस विकसित की है, जिससे ब्लड शुगर लेवल की जांच बिना किसी दर्द या सुई के की जा सकेगी।

इस नई तकनीक में उंगली में सुई चुभाने की जरूरत नहीं होगी। प्रोफेसर स्वामीनाथन के अनुसार, यह डिवाइस मौजूदा मशीनों की तुलना में न केवल अधिक सुविधाजनक है, बल्कि इसकी कीमत भी काफी कम रखी गई है ताकि यह आम लोगों की पहुंच में रहे। यह डिवाइस रीयूजेबल इलेक्ट्रॉनिक्स तकनीक से तैयार की गई है, जो पर्यावरण के लिए भी अनुकूल है और लंबे समय तक उपयोग की जा सकती है।

वर्तमान में अधिकांश ग्लूकोमीटर में ब्लड सैंपल के लिए उंगली में सुई चुभाकर एक छोटी स्ट्रिप पर खून की बूंद रखनी होती है। हालांकि, कुछ महंगे सीडीएम (Continuous Glucose Monitoring) उपकरण पहले से मौजूद हैं, लेकिन वे आम उपयोगकर्ताओं की पहुंच से बाहर हैं। ऐसे में IIT मद्रास की यह खोज न केवल तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि करोड़ों डायबिटीज मरीजों के लिए राहत की नई उम्मीद भी है। यह अभिनव डिवाइस आने वाले समय में देश में ब्लड शुगर मॉनिटरिंग के तरीके को पूरी तरह बदल सकती है।