हिमाचल कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर राजनीति गरमा गई है. दिल्ली दौरे से वापस लौटी प्रतिभा सिंह ने बड़ा बयान दिया है. शिमला में प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह की लेगेसी को नजरअंदाज किया गया, तो कांग्रेस संगठन को इसका नुकसान भी उठाना पड़ सकता है. प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ बैठक में भी ये बात कही है. प्रतिभा सिंह ने ये भी कहा कि उन्होंने राहुल गांधी को बताया कि उनके कहने पर ही वीरभद्र सिंह की लेगेसी को देखते हुए उन्हें पार्टी अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी.
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब नगर निगम और विधानसभा के चुनाव नजदीक थे, तो पार्टी को एकजुट करने का प्रयास किया. पार्टी प्रभारी राजीव शुक्ल के कहने पर वह पांगी-भरमौर जैसे इलाकों में प्रचार को गई. पार्टी को इसके अच्छे परिणाम भी मिले. प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष को लेकर चर्चा हो गई है. हाईकमान ने उनका पक्ष सुना है. उम्मीद है जल्द निर्णय लिया जाएगा. प्रतिभा सिंह ने कहा कि राहुल और खड़गे ने भरोसा दिलाया कि जल्द संगठन बना दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मजबूत नेता बने. रबड़ स्टाम्प को अध्यक्ष ना बनाया जाए.









